-बिहार का कुख्यात इनामी अपराधी लल्लन सिंह पुलिस मुठभेड़ में ढेर, हत्या-डकैती के कई मामलों में था वांछित
सहारनपुर(यूपी)।बिहार और उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना कुख्यात अपराधी लल्लन सिंह उर्फ ललन आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में रविवार देर रात हुई पुलिस कार्रवाई में एक लाख 25 हजार रुपये के इनामी इस बदमाश का अंत हो गया। उसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और हथियारबंद वारदातों समेत कई संगीन मामले दर्ज थे।
पुलिस के अनुसार लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का निवासी था। अपराध की दुनिया में उसका नाम लंबे समय से खौफ और दहशत का पर्याय बना हुआ था। उस पर दो दरोगाओं, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत सात लोगों की हत्या का आरोप था। इसके अलावा एटीएम कैश वैन लूट, डकैती और अन्य कई बड़ी वारदातों में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी।

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था, जबकि चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का अतिरिक्त इनाम था। इस तरह उस पर कुल 1.25 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
जानकारी के मुताबिक सहारनपुर में एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में सरसावा-नकुड़ रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान चली गोली लल्लन सिंह को लगी, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
घायल अवस्था में लल्लन को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस फरार अपराधी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, लल्लन सिंह के मारे जाने के बाद बिहार और उत्तर प्रदेश पुलिस ने राहत की सांस ली है। हालांकि उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस का कहना है कि उससे जुड़े अन्य अपराधियों के खिलाफ भी अभियान तेज किया जाएगा।












