-बिकने की रेस में घोड़ों के साथ बकरियां और कुत्ते भी… सोनपुर मेला का पशु बाजार गुलजार, सबसे ज्यादा घोड़ों की हो रही बिक्री
पटना/सोनपुर(ललितेश्वर प्रसाद सिंह)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला इन दिनों अपने पूरे रंग में है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम और आर्ट एंड क्राफ्ट समेत विभिन्न सामानों की खरीद-बिक्री के बीच पशु मेला आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां विभिन्न नस्लों के घोड़े, गाय, भैंस, बैल, भेड़-बकरियों के साथ कुत्तों को देखने के लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है। पशु बाजार में सबसे अधिक रौनक घोड़ों की बिक्री को लेकर है।
मेले में अब तक कुल 1585 घोड़े पहुंचे हैं, जिनमें से 327 घोड़ों की बिक्री हो चुकी है। एक दिन में ही 133 घोड़ों की बिक्री दर्ज की गई। घोड़ों की कीमत 85 हजार रुपये से लेकर 1 लाख 85 हजार रुपये तक रही। सोनपुर मेला के प्रभारी पशुपालन अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने बिक्री से संबंधित आंकड़ों की जानकारी दी।


घोड़ों के बाद भेड़-बकरियों की बिक्री का बाजार भी सक्रिय है। अब तक कुल 177 भेड़-बकरियों की बिक्री हुई है। बकरियां तीन से पांच हजार रुपये तक में बिक रही हैं, जबकि भेड़ों की कीमत 37 हजार रुपये तक पहुंच रही है। तोतापरी, जमुनापरी, लालरी और करोही नस्ल की बकरियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इन नस्लों की बकरियों को लेकर लखनऊ से करीब आधा दर्जन व्यापारी मेले में पहुंचे हैं। तोतापरी नस्ल की बकरी अपनी विशिष्ट बनावट और सुंदरता के लिए खास पहचान रखती है।
मेले में विभिन्न नस्लों के 156 कुत्ते भी पहुंचे हैं, हालांकि उनकी बिक्री फिलहाल नगण्य है। गायों की बिक्री के लिए भी बाजार सजाया गया है। यहां 15 गायें आई हैं, जिनमें 12 फ्रीजियन, दो गीर और एक शाहीवाल नस्ल की गाय शामिल हैं। इनकी बिक्री का आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।
सात बैल भी मेले में पहुंचे, जिनमें चार की बिक्री हो चुकी है। बैलों की कीमत 14 हजार से 16 हजार रुपये तक रही। वहीं, मेले में आई पांच भैंसों में से चार बिक चुकी हैं। इनकी कीमत 80 हजार से 1 लाख 25 हजार रुपये तक दर्ज की गई है।
इस बार सोनपुर मेले में हाथी और ऊंट बिक्री के लिए नहीं पहुंचे हैं, जिससे इन पारंपरिक पशुओं को देखने की उम्मीद लगाए दर्शकों को निराशा हुई है। हालांकि घोड़ों, बकरियों और अन्य पशुओं की खरीद-बिक्री ने पशु बाजार को लगातार गुलजार बनाए रखा है।












