Advertisement

चंपारण की खबर: जहरीली शराब से 12 मौतों के मामले में चार दोषियों को आजीवन कारावास, सात-सात लाख का जुर्माना

-चंपारण की खबर: जहरीली शराब से 12 मौतों के मामले में चार दोषियों को आजीवन कारावास, सात-सात लाख का जुर्माना

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। पूर्वी चंपारण के चर्चित जहरीली शराब कांड में अनन्य उत्पाद न्यायालय ने चार दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश राजकुमार चौधरी ने प्रत्येक दोषी पर सात-सात लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर एक वर्ष की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
सजा पाने वालों में कोटवा थाना क्षेत्र के दीपऊ निवासी अजय कुमार यादव और ललन यादव तथा तुरकौलिया थाना क्षेत्र के सोहेल छपरा निवासी राजेश सहनी एवं जयसिंहपुर निवासी नवल किशोर यादव उर्फ गब्बर यादव शामिल हैं।


मामले में प्रशासन की ओर से हरसिद्धि थाना कांड संख्या 249/2023 दर्ज कराया गया था। आरोप के अनुसार, 15 अप्रैल 2023 को जहरीली शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि सुशीला देवी नामक महिला की आंखों की रोशनी चली गई थी।
इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों में सोनेलाल पटेल, छोटेलाल मांझी, राजू यादव, अजय सिंह, लक्ष्मण मांझी, वीरेंद्र मांझी, ब्रजेश यादव, लक्ष्मण यादव, हीरालाल मांझी, मनोज महतो, हीरालाल सिंह और मुन्नी पटेल शामिल थे।
पुलिस ने नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध 30 अक्टूबर 2023 को आरोपपत्र दाखिल किया था। मामले में विशेष लोक अभियोजक अनिल सिंह ने 49 गवाहों की गवाही कराई। न्यायालय ने 21 नवंबर 2026 को चारों अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए केंद्रीय कारागार भेज दिया था।
गुरुवार को सजा के बिंदु पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने बिहार मद्य निषेध अधिनियम, 2018 की धारा 30(ए), 33, 36 एवं 34 तथा भारतीय दंड विधान की धारा 304/34 के तहत दोषी पाते हुए आजीवन कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई। जेल में बिताई गई अवधि का समायोजन सजा की अवधि में किया जाएगा।