-बारिश के बाद फिर जलमग्न हुआ गांव का रास्ता, ग्रामीणों में नाराजगी
चंपारण। पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया प्रखंड अंतर्गत सरौगढ़ पंचायत के सरसवा घाट क्षेत्र में बारिश के बाद एक बार फिर गांव के बीचों-बीच जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। लगातार वर्षों से बरसात के मौसम में इस इलाके में पानी लगने की समस्या बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के लोगों के सहयोग से हाल ही में रास्ते पर मिट्टीकरण कराया गया था, ताकि बरसात के पानी से राहत मिल सके। लेकिन मंगलवार को हुई बारिश के बाद फिर से सड़क एवं आसपास के क्षेत्र में पानी जमा होने लगा है। इससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। गांव के बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग करते हुए सड़क निर्माण एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की अपील की है, ताकि बरसात के दिनों में लोगों को परेशानी से निजात मिल सके।











