-बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर में एसडीओ ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
मुजफ्फरपुर/बन्दरा(दीपक)। मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड के मतलूपुर स्थित अतिप्राचीन बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर परिसर का रविवार को मुजफ्फरपुर पूर्वी एसडीओ अमित कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीओ ने कांवड़ियों एवं शिवभक्तों के लिए सुरक्षित आवागमन, जलाभिषेक की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।

मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने एसडीओ को बताया कि शिवभक्तों की लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की आवश्यकता है। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू जलाभिषेक के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
एसडीओ ने समिति के सदस्यों को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को भीड़ के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान बन्दरा की अंचलाधिकारी अदिति राय, हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं मंदिर न्यास समिति के सदस्य मौजूद रहे।












