बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर में गायघाट सामाजिक मंच ने लगाया कांवरिया सेवा शिविर, शरबत-चाय से लेकर मुफ्त दवा की सुविधा
मुजफ्फरपुर/बंदरा, 10 अगस्त 2026।(दीपक) सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर बंदरा के मतलूपुर स्थित बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर परिसर में गायघाट सामाजिक मंच की ओर से कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से मंदिर पहुंचने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की नि:शुल्क सेवा की जा रही है।
सेवा शिविर में श्रद्धालुओं के लिए शरबत, चाय, शुद्ध पेयजल और बिस्कुट की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही मंच की ओर से मेडिकल टीम भी तैनात रहेगी, जो कांवरियों को नि:शुल्क दवा और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराएगी। आयोजकों ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सेवा शिविर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
कांवरिया सेवा शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. रमन त्रिवेदी ने किया। कार्यक्रम का आयोजन गायघाट सामाजिक मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के दिशा-निर्देश में किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंच के जिला उपाध्यक्ष रूपेश कुमार, मनीष कुमार झा, प्रखंड अध्यक्ष वीरेंद्र पासवान, आलोक कुमार पाठक, शंभू झा सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में कांवरियों और श्रद्धालुओं की सेवा करना संगठन के लिए सौभाग्य और सामाजिक जिम्मेदारी है।
बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर में पहुंचने वाले कांवरियों को सेवा शिविर के माध्यम से पेयजल, अल्पाहार और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का यह प्रयास श्रद्धालुओं के लिए राहत का माध्यम बन रहा है। आयोजकों ने बताया कि सेवा कार्य को श्रद्धा और समर्पण के साथ लगातार जारी रखा जाएगा।












