-बाप-बेटी का रिश्ता शर्मसार, डेढ़ साल तक सहती रही दुष्कर्म का दर्द, अब पिता गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। जिस उम्र में बेटी को अपने पिता के पास सबसे ज्यादा सुरक्षित महसूस करना चाहिए, उसी रिश्ते पर गंभीर आरोप ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
सरैया थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बेटी ने अपने पिता पर पिछले करीब डेढ़ वर्ष से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने की बात भी सामने आई है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि उसकी मां का निधन वर्ष 2019 में हो गया था। उसके दो छोटे भाई भी हैं। आरोप है कि मां की मौत के बाद से पिता ने उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार को पिता ने एक बार फिर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इसी दौरान मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची। सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है। जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि नाबालिग से जुड़े मामले में उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है।












