-बागमती में डूबे दो किशोरों की तलाश जारी, एसडीआरएफ संग खुद मोर्चे पर डटे थाना प्रभारी
दीपक कुमार / गायघाट।
मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र स्थित हरखौली गांव में बागमती नदी में डूबे दो किशोरों की तलाश दूसरे दिन भी तेज़ी से जारी रही। सोमवार सुबह से ही थाना प्रभारी राजकुमार गौतम एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों के साथ नाव पर बैठकर खुद सर्च ऑपरेशन में जुटे रहे। घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता और मायूसी का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब दो बजे आशिक कुमार और ओमप्रकाश अपने साथियों के साथ बागमती नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान खेलते-खेलते दोनों किशोर नदी की तेज धारा में चले गए। तेज बहाव के कारण वे संतुलन नहीं बना सके और देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गए।

साथ मौजूद बच्चों द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों किशोर लापता हो चुके थे। सूचना मिलने के बाद बेनीबाद थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई गई।
देर शाम तक लगातार तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार को भी एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम बागमती नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। थाना प्रभारी राजकुमार गौतम ने बताया कि दोनों किशोरों की तलाश लगातार जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।












