Advertisement

बागमती नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

-बागमती नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

मुजफ्फरपुर।दीपक। गायघाट प्रखंड के बेनीबाद थाना क्षेत्र स्थित हरखौली गांव में बागमती नदी में नहाने के दौरान दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को दिन के करीब 2 बजे हरखौली गांव निवासी ओम प्रकाश (12 वर्ष), पिता अजय राय एवं आशिक कुमार (10 वर्ष), पिता पप्पू राय नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश शुरू की गई।

बताया गया कि घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की दो टीम लगातार खोजबीन में जुटी हुई थी। सोमवार शाम को आशिक कुमार का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे बच्चे ओम प्रकाश के शव की तलाश देर शाम तक जारी रही।

घटना के बाद पीड़ित परिवारों से मिलकर पूर्व राजद विधायक निरंजन राय सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें सांत्वना दी तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

इस मौके पर जिला राजद प्रवक्ता अरविंद राय, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र किशोर, प्रखंड प्रधान महासचिव राहुल यादव, मीडिया प्रभारी मो. रेहान शेख, पंचायत अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राय, डॉ. मो. राशिद इकबाल, ललित रत्नाकर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।