-बरसाती पानी से रमौली-थरमा पथ बना जानलेवा, ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी
मुजफ्फरपुर/गायघाट।दीपक। प्रखंड क्षेत्र के रमौली-थरमा पथ की जर्जर स्थिति बरसात शुरू होते ही और भयावह हो गई है। सड़क पर जलजमाव होने से लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाने के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
रमौली, बलौर, जगनिया, फतेहपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों को प्रतिदिन इस सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से बदहाल है, लेकिन मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे अक्सर बाइक सवार फिसलकर गिर जाते हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने तथा जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि सड़क की दुर्दशा के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की अपील की है।














