-बंदरा में बाल अधिकार और संरक्षण पर जागरूकता
-300 कर्मियों ने लिया हिस्सा
मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।
बंदरा प्रखंड परिसर में एक्शन एड और बाल विकास परियोजना, बंदरा के संयुक्त तत्वावधान में बाल कल्याण व संरक्षण समितियों के सदस्यों के लिए एकदिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाल विकास परियोजना अधिकारी कुमारी सीमा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला समन्वयक अरविंद कुमार ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में बच्चों के चार मुख्य अधिकार—जीवन, विकास, संरक्षण, और सहभागिता—पर चर्चा की गई। साथ ही, बाल विवाह, बाल श्रम, विषमलिंगानुपात, दहेज प्रथा, और यौन उत्पीड़न से जुड़े कानूनों व सजा का प्रावधान भी समझाया गया। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, परवरिश योजना, और स्पॉन्सरशिप योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कुमारी सीमा ने अपने संबोधन में फ्रंटलाइन कर्मियों से कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने और जरूरतमंद बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि सब मिलकर प्रयास करें, तो बंदरा और मुजफ्फरपुर बाल हितैषी क्षेत्र बन सकते हैं।इस दौरान परियोजना की एलएस गीता कुमारी, कुमारी नवरत्ना,धर्मशीला कुमारी, बीसी ज्ञानप्रकाश ने भी अपने विचार रखे।
जिला समन्वयक अरविंद कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में करीब 300 आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मानवाधिकार रक्षक रामसुंदर राम और प्रखंड समन्वयक राजगीर कुमार ने कार्यक्रम के संचालन में सहयोग किया।












