-प्रेम विवाह से नाराज भाई ने बहन की कर दी हत्या, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
मुजफ्फरपुर। जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में कथित ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दलित युवक से प्रेम विवाह करने से नाराज भाई ने अपनी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी भाई और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, युवती का कोदरिया गोसाईपुर निवासी सुजाता कुमारी और घंसौत गांव निवासी गौरी शंकर कुमार के बीच वर्ष 2020 से प्रेम संबंध था। गौरी शंकर राजू राम का पुत्र है। बताया जाता है कि सुजाता अपने मामा के घर घंसौत गांव में रहकर पढ़ाई करती थी, जहां दोनों के बीच संपर्क हुआ और बाद में प्रेम संबंध स्थापित हो गया।
18 जनवरी 2026 को दोनों घर से फरार हो गए और समस्तीपुर में विवाह कर लिया। इसके बाद वे हरियाणा में रहने लगे। युवती के परिजनों ने इस संबंध में थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने 11 फरवरी को दोनों को हरियाणा से बरामद कर लिया। 12 फरवरी को उन्हें बिहार लाया गया, जहां कोर्ट में पेशी के बाद गौरी शंकर को जेल भेज दिया गया, जबकि सुजाता को उसकी मौसी के संरक्षण में भेज दिया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि होली के अवसर पर युवती की मां उसे समझा-बुझाकर मौसी के घर से अपने घर ले आई। आरोप है कि इसके बाद युवती के भाई अभिषेक कुमार यादव ने अपने कुछ रिश्तेदारों और सहयोगियों के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी भाई ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि बहन द्वारा दलित युवक से प्रेम विवाह किए जाने से वह बेहद नाराज था और इसी कारण उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की गई, जिसके बाद आरोपी भाई और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह घटना समाज में आज भी मौजूद जातिगत भेदभाव और तथाकथित सम्मान के नाम पर होने वाले अपराधों को उजागर करती है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल है।
















