Advertisement

पूर्व विधायक इसराइल मंसूरी को ‘एनकाउंटर’ की धमकी, राजनीतिक गलियारों में सनसनी — पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

-पूर्व विधायक इसराइल मंसूरी को ‘एनकाउंटर’ की धमकी, राजनीतिक गलियारों में सनसनी — पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

मुजफ्फरपुर। कांटी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और राजद नेता इसराइल मंसूरी को अज्ञात बदमाशों द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई है, जिसके बाद राजनीतिक माहौल में हड़कंप मच गया है। फोन करने वाले ने खुलेआम कहा — “एनकाउंटर कर देंगे… संभल जाओ।” यह धमकी इतनी बेधड़क थी कि सुनते ही सियासी गलियारों में खामोशी और सनसनी दोनों फैल गई।

पूर्व विधायक इसराइल मंसूरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस को आवेदन देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि धमकी देने वाला शख़्स बेहद आत्मविश्वास के साथ बात कर रहा था, जैसे उसे कानून-व्यवस्था का कोई भय नहीं है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कॉल करने वाले की आवाज़ में पुराने हिस्ट्रीशीटर अपराधियों जैसी दबंगई और दहशत झलक रही थी, मानो वह किसी ‘नूरा बादशाह’ की तरह खुद को अजेय समझता हो।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली और तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब कॉल डिटेल्स, मोबाइल लोकेशन और संभावित विरोधियों की सूची खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वाला चाहे कितना भी चालाक हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता और जल्द ही आरोपी सामने होगा।

इस घटना ने एक बार फिर बिहार में राजनीति और अपराध के जटिल रिश्ते को उजागर कर दिया है, जहाँ एक फोन कॉल भी दहशत का तूफ़ान खड़ा कर देता है।