Advertisement

पिकअप वैन की ठोकर से बाइक सवार की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

-पिकअप वैन की ठोकर से बाइक सवार की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

वैशाली। कटहरा थाना क्षेत्र के प्रखंड मुख्यालय चौक स्थित महुआ-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना हनुमान मंदिर के समीप की बताई जा रही है, जहां एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को जोरदार ठोकर मार दी।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय मिथलेश राय उर्फ मिटु राय के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ठोकर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

घटना से नाराज लोगों ने महुआ-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही कटहरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने के साथ स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराने में जुटी हुई है। वहीं, हादसे के बाद पिकअप वैन चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।