Advertisement

पटना मेट्रो निर्माण के दौरान नेहरू पथ पर सुगम यातायात सुनिश्चित करें, जरूरत पड़ने पर सड़क चौड़ीकरण हो : मुख्यमंत्री

-पटना मेट्रो निर्माण के दौरान नेहरू पथ पर सुगम यातायात सुनिश्चित करें, जरूरत पड़ने पर सड़क चौड़ीकरण हो : मुख्यमंत्री

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान नेहरू पथ (बेली रोड) पर सुगम और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता हो वहां सड़क का चौड़ीकरण, जंक्शन सुधार और अन्य जरूरी कार्य किए जाएं, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राजधानी में चल रही प्रमुख सड़क एवं मेट्रो परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि नेहरू पथ पर यातायात सुधार के लिए 11 प्रमुख स्ट्रेच चिन्हित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इन सभी स्थानों का स्थल निरीक्षण कर वास्तविक आवश्यकता के अनुसार सुधारात्मक कार्य कराने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन इसके निर्माण के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, यह सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित होने की संभावना है, वहां पहले से वैकल्पिक मार्गों की पहचान कर उन्हें आवागमन के अनुकूल बनाया जाए।


उन्होंने अधिकारियों को सड़क किनारे की गतिविधियों को सुव्यवस्थित करने और नेहरू पथ पर उपयुक्त वेंडिंग जोन चिन्हित करने का भी निर्देश दिया, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो और नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग, पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, जिला प्रशासन और यातायात पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ट्रैफिक प्रबंधन, वैकल्पिक मार्ग, आवश्यकतानुसार सड़क चौड़ीकरण तथा अन्य यातायात सुधार कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि राजधानी में विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए पटना मेट्रो निर्माण के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए जाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सह नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।