-नौकरी के नाम पर 7100 रुपये की ठगी, साइबर थाना पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार
शिवहर। डॉल्फिन ट्रैवल मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर नौकरी दिलाने और घर बैठे अधिक कमाई का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, हिरम्मा थाना क्षेत्र के माधोपुर छाता गांव निवासी जुनेद खातून ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी में काम दिलाने और अधिक कमाई का लालच देकर उनसे अलग-अलग किस्तों में कुल 7,100 रुपये की ठगी की गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना कांड संख्या 11/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामस्वारथ साह, निवासी अम्बाकला, पिपराही, गुड़िया कुमारी और रौशनी कुमारी, दोनों बैजनाथपुर, तरियानी, शिवदुलारी कुमारी, निवासी विसम्भरपुर, तरियानी छपरा, आनंद सिंह, निवासी सोनौल सुल्तान, पुरनहिया तथा प्रज्ञा देवी, निवासी सिद्धवाना, घोड़ासहन, पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अन्य लोगों को भी नौकरी दिलाने और अधिक पैसे कमाने का लालच देकर ठगी कर रहे थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
शिवहर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर बैठे नौकरी और अधिक कमाई का लालच देने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें और किसी के खाते में पैसे जमा करने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें।












