-नेपाल में खाद संकट पर गरजे प्रभु साह, बोले— समय पर खाद नहीं दे पाने वाले कृषि मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए
जनकपुरधाम/नेपाल।मधुकर।आम जनता पार्टी (आजपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रभु साह ने किसानों को समय पर रासायनिक खाद उपलब्ध नहीं करा पाने को लेकर नेपाल सरकार और कृषि मंत्री गीता चौधरी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कृषि मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जो मंत्री किसानों को उनकी जरूरत के समय खाद उपलब्ध नहीं करा सकता, उसे पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
शुक्रवार को बारा जिले के कलैया में आम किसान मोर्चा द्वारा आयोजित ‘खाद संकट: सरकार सप्लाई में नाकाम’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभु साह ने कहा कि धान की रोपाई के महत्वपूर्ण मौसम में किसान खाद के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

उन्होंने कहा, “यह सरकार किसानों को मारने वाली सरकार बन गई है। खेती-किसानी वाले देश में धान की रोपाई के समय खाद नहीं मिलना सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है। जो कृषि मंत्री किसानों को समय पर खाद नहीं दे पा रहा हो, उसे तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।”
प्रभु साह ने आरोप लगाया कि सरकार न तो किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध करा रही है और न ही उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब किसान मजबूरी में पड़ोसी देशों से खाद लाते हैं तो सरकार उनकी खाद जब्त करने का अधिकार किस आधार पर इस्तेमाल करती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आम किसान मोर्चा बारा के अध्यक्ष मदन साह ने की। इस अवसर पर आजपा नेता अशोक लामा, संविधान सभा के पूर्व सदस्य एवं आजपा नेता आत्माराम साह, सुभाष साह, उमेश कुशवाहा, बिजय यादव, विश्वराज पटेल, राजकिशोर साह सहित कई किसान नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।












