-नशे में धुत हाइवा ड्राइवर ने ली तीन की जान, एक महिला गंभीर
-सीतामढ़ी में भीषण सड़क हादसा
सीतामढ़ी | संवाददाता
बिहार के सीतामढ़ी जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा भुतही थाना क्षेत्र के दोस्तियां गांव के समीप एनएच-22 पर हुआ, जहां एक हाइवा और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में जानलेवा टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज सुनकर लोगों को लगा कोई बम फटा है। मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर उमड़ पड़े। बताया जा रहा है कि हाइवा चालक शराब के नशे में था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।

ई-रिक्शा में सवार लोग बथनाहा थाना क्षेत्र के मैवी गांव से नेपाल के मलंगवा शादी समारोह में जा रहे थे। मृतकों की पहचान राजेंद्र उर्फ झगरू महतो (51), विक्की कुमार उर्फ चंदन कुमार (29), और उनकी मां वीणा देवी (52) के रूप में की गई है। वहीं, एक अन्य महिला को गंभीर हालत में सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही भुतही थानाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी और सोनबरसा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और हाइवा चालक की तलाश की जा रही है।
#सीतामढ़ी_हादसा #NH22_दुर्घटना #हाइवा_टक्कर #ई_रिक्शा_एक्सीडेंट #बिहार_समाचार












