Advertisement

नगर निगम बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित

-नगर निगम बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित

-बाबा गरीबनाथ धाम कॉरिडोर को मिली स्वीकृति से मुजफ्फरपुर में खुशी की लहर

मुजफ्फरपुर: नगर भवन में सोमवार को मुजफ्फरपुर नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। सभी माननीय पार्षदों और बोर्ड सदस्यों की सहमति से विभिन्न प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में आगामी श्रावण मास को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके अलावा नए राशन कार्ड बनाने के लिए विशेष कैंप आयोजित करने, प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। जनकल्याण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।


बैठक के दौरान मुजफ्फरपुर के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि की भी जानकारी साझा की गई। बिहार सरकार ने बाबा गरीबनाथ धाम कॉरिडोर को स्वीकृति प्रदान कर प्रथम चरण के कार्य का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। इस निर्णय से शहरवासियों और शिवभक्तों में उत्साह का माहौल है।
बताया गया कि बाबा गरीबनाथ धाम कॉरिडोर के निर्माण से मंदिर की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा में वृद्धि होगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने और मुजफ्फरपुर के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।
नगर निगम बोर्ड ने उम्मीद व्यक्त की कि श्रावणी मेला और बाबा गरीबनाथ धाम कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन से मुजफ्फरपुर की पहचान देश के प्रमुख धार्मिक नगरों में और अधिक मजबूत होगी। “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ बैठक का समापन हुआ।