-धान की रोपनी 96.45 प्रतिशत पूरी, बंदरा-बोचहां ने हासिल किया शत-प्रतिशत लक्ष्य
मुजफ्फरपुर। जिले में खरीफ मौसम के तहत धान की रोपनी 96 प्रतिशत के पार पहुंच गई है। कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 1,54,088 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 1,48,620 हेक्टेयर में धान की रोपनी पूरी हो चुकी है। इस तरह जिले में 96.45 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। प्रखंड स्तर पर रोपनी की नियमित निगरानी की जा रही है और कृषि विभाग की ओर से लगातार प्रगति रिपोर्ट मांगी जा रही है।
धान का बिचड़ा तैयार करने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। 15,408.83 हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 15,324.77 हेक्टेयर में बिचड़ा तैयार किया गया है। इससे बिचड़ा तैयार करने में 99.45 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार बंदरा और बोचहां ने धान रोपनी का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। गायघाट में 98.52 प्रतिशत और कटरा में 98.81 प्रतिशत रोपनी पूरी हुई है। साहेबगंज में 96.89, मोतीपुर में 96.74, सकरा में 96.67 और सरैया में 96.54 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है।
कुढ़नी में 95.91, मुसहरी में 95.46, औराई में 94.94 और कांटी में 94.82 प्रतिशत धान की रोपनी हुई है। मड़वन में 92.92, मुरौल में 92.58 और पारू में 91.89 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। मीनापुर में 78 प्रतिशत रोपनी हुई है, जो जिले के सभी प्रखंडों में सबसे कम है।
प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार औराई में 11,908 हेक्टेयर, बंदरा में 4,442.5, बोचहां में 13,050.35, गायघाट में 10,904, कांटी में 8,625 और कटरा में 10,905 हेक्टेयर में धान की रोपनी हुई है। कुढ़नी में 12,905, मड़वन में 3,867, मीनापुर में 9,763, मोतीपुर में 11,914, मुरौल में 1,835, मुसहरी में 6,237, पारू में 12,634, साहेबगंज में 10,505, सकरा में 8,209 और सरैया में 10,916 हेक्टेयर में धान की रोपनी पूरी की गई है।












