-दुकानों में लगाई आग, 10 लाख की संपत्ति राख; आक्रोशित दुकानदारों ने किया सड़क जाम
मुजफ्फरपुर: जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के केरमा चौक पर शनिवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए एक साथ सात दुकानों में आग लगा दी। इस घटना में दुकानों में रखा सामान और अन्य संपत्ति जलकर राख हो गई। दुकानदारों के अनुसार, अगलगी में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना से आक्रोशित व्यवसायियों और स्थानीय लोगों ने रविवार को सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात करीब एक बजे उपद्रवियों ने कथित तौर पर सोची-समझी साजिश के तहत महज 25 से 50 कदम की दूरी पर स्थित सात अलग-अलग दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इसी दौरान गश्ती पर निकली डायल 112 की पुलिस टीम की नजर आग की ऊंची लपटों पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कुढ़नी थाना और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी।

इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद रविवार की सुबह तक आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
अगलगी की इस घटना में सुनील सिंह की हार्डवेयर दुकान, शिवशंकर सिंह की पूजन सामग्री की दुकान, गब्बर सहनी और कपिलदेव पासवान की पान दुकान, मुनटून शर्मा की बाइक रिपेयरिंग एवं सर्विस दुकान, यूसुफ मियां की टायर पंचर दुकान तथा राम संयोग शर्मा की पेटी-बक्सा दुकान प्रभावित हुई है।
एक साथ सात दुकानों में आग लगाए जाने से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश है। रविवार को पीड़ित दुकानदारों ने सड़क जाम कर आवागमन बाधित कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनकी अविलंब गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पासवान ने भी घटना को सोची-समझी साजिश बताते हुए कुढ़नी पुलिस से दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। सड़क जाम के कारण मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और दोषियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।












