Advertisement

त्रिशला मार्ट के मालिक विक्रम झा की गोली मारकर हत्या, पटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

-त्रिशला मार्ट के मालिक विक्रम झा की गोली मारकर हत्या, पटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

✍🏻 पटना। संवाददाता।

राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। गोपाल खेमका और बालू कारोबारी रमाकांत यादव की हत्या के बाद शुक्रवार की रात रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के जकरियापुर इलाके में त्रिशला मार्ट के मालिक विक्रम झा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात रात करीब 11 बजे उस समय हुई जब वे अपनी दुकान पर मौजूद थे।

हत्या की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद:

स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन अपराधी बाइक से आए थे। दो युवक हेलमेट पहनकर दुकान में घुसे और तीसरा युवक बाहर निगरानी करता रहा। दुकान के अंदर विक्रम झा से पहले बहस हुई और फिर कनपटी में गोली मार दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी न्यू बाइपास की ओर भाग निकले। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद होने की संभावना है, जिसकी जांच की जा रही है।

इलाज के दौरान हुई मौत:

गंभीर रूप से घायल विक्रम झा को स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में पटना के NMCH में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वे बिहार के दरभंगा जिला अंतर्गत लहेरियासराय के निवासी थे और कई वर्षों से पटना में अपने परिवार के साथ रहकर कारोबार कर रहे थे।

हत्या की वजह अब तक अज्ञात:

पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या कारोबारी विवाद की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। FSL की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

तीसरी व्यापारी हत्या से मचा हड़कंप:

पिछले 15 दिनों में पटना में यह तीसरे व्यवसायी की हत्या है। इससे आमजन और व्यापारी वर्ग में दहशत है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एसपी का बयान:

सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने कहा, “हम सभी कोणों से मामले की जांच कर रहे हैं। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

#विक्रमझाहत्याकांड #पटना_क्राइम #त्रिशलामार्ट_हत्या #व्यापारी_सुरक्षा #पटना_पुलिस #BreakingNews #BiharCrimeNews #JusticeForVikramJha