-त्योहार से पहले ट्रेनों में टिकट की मारामारी, 25 से 27 अक्टूबर तक कंफर्म सीट मिलना मुश्किल
मुजफ्फरपुर। दशहरा, दिवाली और छठ पूजा से पहले उत्तर बिहार लौटने वाले प्रवासियों की भीड़ का असर ट्रेनों की टिकट बुकिंग पर दिखने लगा है। दिल्ली समेत देश के बड़े शहरों से मुजफ्फरपुर, दरभंगा और उत्तर बिहार के अन्य इलाकों की ओर आने वाली ट्रेनों में अभी से सीटों की मारामारी शुरू हो गई है। खासकर 25, 26 और 27 अक्टूबर की यात्रा के लिए कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
स्लीपर के साथ विभिन्न एसी श्रेणियों में भी सीटें तेजी से भर रही हैं। कई ट्रेनों में वेटिंग लंबी होती जा रही है। इससे त्योहार पर परिवार के साथ घर पहुंचने की तैयारी कर रहे प्रवासियों की चिंता बढ़ गई है। यात्रियों को आशंका है कि जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आएगा, टिकटों की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
दिल्ली से मुजफ्फरपुर और दरभंगा आने वाली प्रमुख ट्रेनों में सबसे अधिक दबाव देखा जा रहा है। गाड़ी संख्या 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की इकोनॉमी 3-एसी श्रेणी में अक्टूबर की कई तिथियों में नो रूम की स्थिति बताई जा रही है। यानी इन तिथियों के लिए बुकिंग के दौरान सीट उपलब्ध नहीं है।
अवध असम एक्सप्रेस (15910), वैशाली एक्सप्रेस और सप्तक्रांति एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों में भी कई तिथियों पर वेटिंग 70 से 90 तक पहुंचने की बात सामने आ रही है। वहीं, राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेन में भी त्योहार के दौरान कंफर्म टिकट हासिल करना यात्रियों के लिए चुनौती बन गया है।

दशहरा के बाद दिवाली और फिर छठ पूजा को लेकर उत्तर बिहार आने वाले यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा होता है। दिल्ली, मुंबई, गुजरात, पंजाब समेत देश के विभिन्न हिस्सों में काम करने वाले प्रवासी बड़ी संख्या में त्योहार मनाने अपने गांव-घर लौटते हैं। इसके अलावा छात्र और नौकरीपेशा लोग भी छठ के मौके पर घर पहुंचने की तैयारी करते हैं। यही वजह है कि लंबी दूरी की ट्रेनों में बुकिंग शुरू होते ही सीटें तेजी से भर रही हैं।
कंफर्म टिकट नहीं मिलने के बाद यात्री अब दूसरे विकल्प तलाश रहे हैं। कुछ यात्री कनेक्टिंग ट्रेनों के जरिए मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों तक पहुंचने की योजना बना रहे हैं। वहीं, बड़ी संख्या में यात्रियों की नजर रेलवे की ओर से घोषित की जाने वाली पूजा स्पेशल ट्रेनों पर है।
हर साल दशहरा, दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे विभिन्न रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाता है। इस बार भी प्रवासियों को उम्मीद है कि रेलवे जल्द ही अतिरिक्त ट्रेनों की घोषणा करेगा। स्पेशल ट्रेनों के संचालन से दिल्ली और अन्य महानगरों से उत्तर बिहार आने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।












