Advertisement

तीन घंटे में फर्जी लूट का पर्दाफाश, मुंशी निकला साजिशकर्ता, दो लाख रुपये बरामद

-तीन घंटे में फर्जी लूट का पर्दाफाश, मुंशी निकला साजिशकर्ता, दो लाख रुपये बरामद

मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि खाकी की नजर से झूठ ज्यादा देर तक छिप नहीं सकता। हथियार के बल पर लूट की सनसनीखेज कहानी महज तीन घंटे में ही दम तोड़ गई, जब पुलिस की सख्ती के आगे खुद शिकायतकर्ता मुंशी का काला सच सामने आ गया। सकरा थाना क्षेत्र के बखरी के पास जिस लूट कांड से इलाके में हड़कंप मचा था, वह दरअसल एक सोची-समझी साजिश निकली।
मामला उस समय सामने आया जब एक व्यापारी के मुंशी ने सकरा थाना पुलिस को सूचना दी कि वह कलेक्शन कर लगभग दो लाख रुपये लेकर लौट रहा था। इसी दौरान बखरी के समीप हथियारबंद बदमाशों ने उसे घेर लिया और नकदी लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस हरकत में आ गई। प्रशिक्षु डीएसपी शिवानी श्रेष्ठा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की।


शुरुआती जांच में मामला किसी पेशेवर लूट गिरोह का प्रतीत हो रहा था, लेकिन जैसे-जैसे पूछताछ आगे बढ़ी, मुंशी की कहानी में कई विरोधाभास सामने आने लगे। बयान बार-बार बदल रहे थे और घटना के समय व हालात में कोई तालमेल नहीं बैठ रहा था। इससे पुलिस का शक गहराता चला गया। कड़ाई से पूछताछ के बाद आखिरकार मुंशी टूट गया और उसने पूरी सच्चाई उगल दी।
पूछताछ में मुंशी ने स्वीकार किया कि लूट की कहानी पूरी तरह फर्जी थी। उसने खुद ही रकम अपने पास छिपा ली थी और पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट का नाटक रचा था। मुंशी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से लूट की पूरी राशि बरामद कर ली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से फर्जी लूट कांड का पर्दाफाश हुआ है। आरोपी मुंशी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि लालच में रची गई साजिश कितनी भी शातिर क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकती। मुजफ्फरपुर पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल फर्जी लूट का खुलासा हुआ, बल्कि क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और विश्वसनीयता भी मजबूत हुई है।