-ढाका में भीषण आगजनी, दो बच्चों समेत तीन लोगों की जलकर मौत
मोतिहारी। ढाका प्रखंड के बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में देर रात हुई दर्दनाक घटना, लाखों की संपत्ति राख
नरेंद्र झा, मोतिहारी
मोतिहारी जिले के ढाका प्रखंड अंतर्गत बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में शुक्रवार देर रात भीषण आगजनी की घटना में दो बच्चों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी दो मंजिला इमारत इसकी चपेट में आ गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गांव स्थित एक होलसेल किराना दुकान में देर रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरी इमारत धू-धू कर जलने लगी। दूर-दूर तक आग की लपटें दिखाई दे रही थीं और पूरा घर किसी भट्टी की तरह जलता नजर आ रहा था।

इस हादसे में दुकान मालिक राजकुमार साह के दो बच्चों तथा दुकान में कार्यरत स्टाफ प्रिंस कुमार की जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान दमकल वाहनों का पानी खत्म हो जाने पर पास के कुएं से पानी भरकर राहत कार्य जारी रखा गया। करीब साढ़े सात घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।
आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा भारी मात्रा में किराना सामान और अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गई। बताया जा रहा है कि लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।












