Advertisement

ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नो पार्किंग में खड़े 54 वाहन जब्त

-ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नो पार्किंग में खड़े 54 वाहन जब्त

-90 हजार से अधिक जुर्माना

मुजफ्फरपुर। छठ महापर्व को लेकर शहर के बाजारों में उमड़ रही भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए मुजफ्फरपुर ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी कर नो पार्किंग जोन में बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करने वाले 54 वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को उठवाकर सिकंदरपुर स्टेडियम पहुंचाया। यहां देर शाम तक जब्त वाहनों का चालान काटने की प्रक्रिया चलती रही। अपने वाहनों को छुड़ाने के लिए स्टेडियम परिसर में वाहन मालिकों की भीड़ जुटी रही।


ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 90 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। सबसे अधिक कार्रवाई मोतीझील ओवरब्रिज एवं उसके आसपास के व्यस्त इलाकों में की गई। यहां सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था।
जब्त किए गए 54 वाहनों में 30 दोपहिया, 18 तीनपहिया (ऑटो एवं ई-रिक्शा), चार चारपहिया और दो अन्य वाहन शामिल हैं।
ट्रैफिक थानेदार संजीव सिंह ने बताया कि एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में वन-वे, नो एंट्री और नो पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छठ महापर्व के दौरान बाजारों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य खरीदारी के लिए निकलने वाले लोगों को जाम से राहत दिलाना और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।