-झंडा मेला में सुरक्षा व सुविधा के पुख्ता इंतज़ाम, विधायक व अधिकारी ने संभाला मोर्चा
बैरगनिया (सीतामढ़ी)।
स्थानीय पटेल चौक पर नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन की ओर से झंडा मेला को लेकर कैंप सह कंट्रोल रूम की स्थापना की गई, जहां से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सह कला संस्कृति मंत्री मोतीलाल प्रसाद, एसडीओ सदर आनंद कुमार, डीएसपी राजीव कुमार सिंह, नगर परिषद की सभापति सिंधु गुप्ता, ईओ सुशील कुमार, बीडीओ सुनील कुमार गौड़, सीओ रंजीत कुमार, थानाध्यक्ष उमाशंकर रजक सहित सैकड़ों पुलिस जवानों ने मेला में विधि-व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई।

मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विहिप, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, मानव सेवा मंच और बिहार नवनिर्माण सेना द्वारा पेयजल, चाय और मेडिकल कैंप की व्यवस्था की गई। साथ ही, भटके बच्चों को परिजनों से मिलाने के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई। कांग्रेस के पूर्व विधायक अमित कुमार टुन्ना ने भी शिविर लगाकर सहयोग किया।
वहीं, ककाली मंदिर पूजा समिति के तत्वावधान में लगाए गए कैंप में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण के साथ-साथ मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
झंडा मेला के दौरान जिले के विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल, एसएसबी जवान, जीआरपी और आरपीएफ के जवान पूरे मेला क्षेत्र में सघन गश्ती करते दिखे, जिससे श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और शांति के साथ मेले का आनंद लिया।











