-नशे में धुत चालक ने ठोक दी जिला प्रशासन की गाड़ी, ले जा रहा था अवैध शराब, दुर्घटना के बाद हुआ फरार
जमुई।सम्वाददाता।
जमुई में चालक के द्वारा कथित तौर पर जिला प्रशासन की गाड़ी से अवैध शराब ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। मामले का उजागर उस वक्त हुआ जब जिला प्रशासन की गाड़ी अनियंत्रित होकर सिरचंद नवादा मोहल्ला स्थित मंदिर के बगल में रखे ईंट के ढेर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
उसके बाद शराब के नशे में धुत चालक आनन-फानन में वाहन से प्लास्टिक में रखे अवैध शराब को एक गमछा में लपेटकर ईंट के ढेर के नीचे छुपा दिया।
फिर जिला प्रशासन का बोर्ड लगी स्कॉर्पियो गाड़ी धीरे-धीरे लेकर चालक चलता बना। इस सारी घटना का गवाह स्थानीय ग्रामीण बन गए। उन्होंने जिला प्रशासन के चालक की पूरी पोल खोल दी।
दरअसल ग्रामीणों के मुताबिक, जिला प्रशासन का बोर्ड वाली गाड़ी हांसडीह की ओर से तेज रफ्तार में जमुई की ओर जा रही थी।

अचानक सिरचंद नवादा मंदिर के पास अनियंत्रित होकर ईंट के ढेर में जोरदार ठोकर मार दी। जिससे स्कॉर्पियो वाहन का एक भाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो पर सवार दो अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
चालक वाहन में रखे शराब को गमछा में बांधकर ईंट के ढेर में छुपा दिया। उसके बाद क्षतिग्रस्त वाहन को लेकर धीरे-धीरे जमुई की ओर चला गया। हालांकि इस दुर्घटना में वाहन चालक और उसे पर सवार दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
बताया जाता है कि प्रत्येक दिन जिला प्रशासन का बोर्ड लगा स्कॉर्पियो वाहन दौलतपुर की ओर देखा जाता है। अधिकांश दिन चालक शराब पीने के लिए अपने साथियों के साथ वाहन से ही दौलतपुर की ओर जाता है।
अब सवाल यह है कि जिला प्रशासन का बोर्ड लगा वाहन अधिकृत है या फिर कोई प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास कर रहा है। यह जांच का विषय है।
















