Advertisement

जनकपुरधाम सोना-चांदी व्यवसायी संघ का 31 साल बाद खुला अपना कार्यालय

-जनकपुरधाम सोना-चांदी व्यवसायी संघ का 31 साल बाद खुला अपना कार्यालय

-कार्यालय शुरू होने से संघ की बैठक और व्यवसायियों के बीच समन्वय होगा आसान

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। जनकपुरधाम सोना-चांदी व्यवसायी संघ ने स्थापना के 31 साल बाद अपने कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। वि.सं. 2052 में स्थापित इस संघ का अपना कार्यालय शुरू होने से व्यवसायियों में खुशी का माहौल है।

संघ के अध्यक्ष राजीव कुमार साह ने बताया कि अध्यक्ष चुने जाने के समय उन्होंने व्यवसायियों से कार्यालय शुरू कराने का वादा किया था, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब संघ की बैठक और आम सभा किसी व्यवसायी की दुकान पर आयोजित करने के बजाय कार्यालय में ही की जाएगी।

अध्यक्ष साह के अनुसार, कार्यालय शुरू होने से संघ की नियमित बैठकें आयोजित करने, व्यवसायियों के बीच आपसी संवाद बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने में सुविधा होगी। पहले बैठक और बातचीत के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण व्यवसायियों की दुकानों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।

कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में संघ के पूर्व अध्यक्ष पवन कुमार ठाकुर और अमरनाथ गुप्ता सहित सलाहकार मनीषा रमन साह, शंकर प्रसाद साह तथा संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।