-नवरात्रि पर जनकपुरधाम के शक्तिपीठों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
-राजदेवी मंदिर समेत प्रमुख शक्तिपीठों में सुबह से लगी कतारें, भजन संध्या और झिझिया प्रतियोगिता का होगा आयोजन
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर जनकपुरधाम के प्रमुख शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। राजदेवी मंदिर, बौद्धी माई मंदिर, अमरखाना मंदिर और फूलेश्वरी माई मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए सुबह उषाकाल से ही महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की कतारें लग रही हैं। जनकपुरधाम के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजन के लिए पहुंच रहे हैं।
नवरात्रि को लेकर राजदेवी मंदिर समेत अन्य मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिर परिसरों में रंग-बिरंगी रोशनी की व्यवस्था की गई है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है।

राजदेवी मंदिर की व्यवस्था की जिम्मेदारी महावीर युवा कमिटी संभाल रही है, जबकि बौद्धी माई और अमरखाना मंदिर में राम युवा कमिटी व्यवस्था की देखरेख कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दोनों कमिटियों की ओर से करीब एक हजार महिला और पुरुष स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त 200 से अधिक महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।
राम युवा कमिटी के अध्यक्ष विजय कुमार साह ने प्रेस वार्ता में बताया कि नवरात्रि के अवसर पर द्वितीया से षष्ठी तक भजन संध्या का आयोजन किया गया है। वहीं, सप्तमी को झिझिया प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। महावीर युवा कमिटी की ओर से भी भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है।
नवरात्रि के अवसर पर जनकपुरधाम के कई मठ-मंदिरों में नवाह यज्ञ का आयोजन किया गया है। इसके अलावा रामानंद युवा क्लब की ओर से रामानंद चौक और भ्रमरपुरा चौक पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पूरे जनकपुरधाम में नवरात्रि को लेकर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।













