Advertisement

सीओ और आरओ की गिरफ्तारी पर जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी

-सीओ और आरओ की गिरफ्तारी पर जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी

-भू-माफियाओं पर कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरपुर। मुशहरी अंचल में जमीन की हेराफेरी और कथित तौर पर भू-माफियाओं से सांठगांठ कर फर्जी केवाला के आधार पर दाखिल-खारिज करने के मामले में सीओ और आरओ की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है। पूर्व जिला पार्षद मुक्तेश्वर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर कार्रवाई की सराहना की और इसे साहसिक कदम बताया।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने मुशहरी अंचल क्षेत्र में भू-माफियाओं के कथित बढ़ते वर्चस्व पर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

जनप्रतिनिधियों का कहना था कि जमीन से संबंधित मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि आम लोगों की जमीन सुरक्षित रहे और उन्हें न्याय मिल सके। उन्होंने प्रशासन से भू-माफियाओं की गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा जमीन के दस्तावेजों की जांच की व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की।

इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता सह व्यवसायी वीरेंद्र पासवान, सरपंच निर्मला देवी, पूर्व सरपंच भूषण ठाकुर, जगदीश कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।