Advertisement

जदयू नेता प्रभात किरण ने किया गायघाट से विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान, बोले- “अबकी बार लड़ेंगे भी, जीतेंगे भी”

-जदयू नेता प्रभात किरण ने किया गायघाट से विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान, बोले- “अबकी बार लड़ेंगे भी, जीतेंगे भी”

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। संवाददाता – दीपक।

गायघाट विधानसभा सीट से 2025 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज होती जा रही है। रविवार को बन्दरा प्रखंड क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के दौरान जदयू नेता प्रभात किरण ने स्पष्ट शब्दों में अपनी उम्मीदवारी का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि इस बार एनडीए के तहत गायघाट सीट जदयू के खाते में जा रही है और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आशीर्वाद उन्हें प्राप्त है। ऐसे में जदयू प्रत्याशी के रूप में उनका चुनाव लड़ना तय है।

प्रभात किरण ने दावा किया कि वे न केवल जदयू से चुनाव लड़ेंगे, बल्कि भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने वर्तमान विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने कोई ऐसा काम नहीं किया जिससे जनता उन्हें दोबारा मौका दे। क्षेत्र की जनता अब उन्हें पहचान चुकी है और उनके झूठे वादों से ऊब चुकी है। 2020 में झूठे सपने दिखाकर सीट जीतने वाले विधायक के कार्यकाल में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ।

प्रभात किरण ने यह भी कहा कि उनके पिता एवं पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव ने अपने कार्यकाल में जो विकास कार्य कराए थे, उन्हें भी वर्तमान विधायक बनाए रखने में असफल रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि पंचायत के मुखिया जितना विकास करते हैं, वैसा भी प्रदर्शन विधायक का नहीं रहा है।

उन्होंने आत्मविश्वास भरे लहजे में कहा कि चाहे विपक्ष एनडीए से हो या महागठबंधन से, कोई भी अब उनके विजयपथ को नहीं रोक सकता। अबकी बार जनता उन्हें मौका देगी और क्षेत्र में विकास की नई धारा बहेगी।