Advertisement

छात्राओं से अभद्र व्यवहार मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापिका भी निलंबित

-छात्राओं से अभद्र व्यवहार मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापिका भी निलंबित

मुजफ्फरपुर। पारू प्रखंड के लालू छपरा मध्य विद्यालय में नाबालिग छात्राओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और अनुचित स्पर्श के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी कुमार गौरव के निर्देश पर विभाग ने आरोपी विशिष्ट शिक्षक रतन लाल सहनी को निलंबित कर दिया है। वहीं, शिकायत मिलने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं करने और विभाग को सूचना नहीं देने के आरोप में प्रभारी प्रधानाध्यापिका कलावती कुमारी को भी निलंबित किया गया है।
आरोप है कि शिक्षक ने विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करते हुए उन्हें मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। विद्यालय स्तर पर शिकायत किए जाने के बावजूद आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं किए जाने को गंभीरता से लिया गया है। विभाग ने इसे प्रभारी प्रधानाध्यापिका के कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही माना है। दोनों के खिलाफ अलग से आरोप पत्र जारी किया जाएगा।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जांच और कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया है। प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए तीन सदस्यीय महिला जांच टीम गठित की गई है। टीम में पश्चिमी अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ सरैया और डीपीओ को शामिल किया गया है। टीम आरोपों की जांच कर अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी।
इधर, पीड़ित छात्राओं के परिजनों के आवेदन पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर पारू थाना में आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद आरोपी शिक्षक फरार है। विभागीय जांच के साथ पुलिस की कार्रवाई भी जारी है।