Advertisement

चार साल से अधूरा पुल, शिकायत के बाद 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का आश्वासन

-चार साल से अधूरा पुल, शिकायत के बाद 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का आश्वासन

मुजफ्फरपुर। छपरा चौक से करीब तीन किलोमीटर दूर नरमा गांव में सहिला बल्ली से नरमा होते हुए हथौड़ी जाने वाली सड़क पर निर्माणाधीन पुल का काम निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। पुल निर्माण की अंतिम निर्धारित तिथि वर्ष 2025 थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। इसे लेकर छात्र राजद के निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं आरटीआई एक्टिविस्ट अमरेन्द्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत की। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने राज्यस्तरीय सहयोग पोर्टल के माध्यम से मंत्रिमंडल सचिवालय में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से मामले की जांच कराई गई। कार्यपालक अभियंता ने ग्रामीण कार्य विभाग से रिपोर्ट प्राप्त कर मंत्रिमंडल सचिवालय को प्रतिवेदन भेजा। इसमें पुल निर्माण कार्य को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।

अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि पुल का निर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ निर्माणाधीन पुल के समीप आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि अगले सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू नहीं होता है तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।

सरकारी स्तर से निर्माण पूरा करने की समय-सीमा मिलने के बाद ग्रामीणों में उत्साह है। खुशी जताने वालों में लोजपा नेता सह पंचायत समिति सदस्य अनिल झा, अबिनाश झा, अरुण पासवान, रामजीवन राय, मुन्ना राय, रामदेव राय, पैक्स अध्यक्ष नानटुन सिंह, मुखिया मनीष शाही, राजमंगल सहनी, रामसभित पासवान समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।