-चांदपुरा की संपर्क सड़क बदहाल, स्कूल जाने वाले बच्चों समेत ग्रामीण परेशान
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। बन्दरा प्रखंड के हत्था पंचायत अंतर्गत चांदपुरा गांव के वार्ड संख्या 16 में मुख्य सड़क से चांदपुरा मिड्ल स्कूल एवं आंगनबाड़ी तक जाने वाली संपर्क सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर हो गई है। सड़क की बदहाली के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कचरा जमा रहने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क पर जलजमाव एवं कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। वहीं, बीमार और बुजुर्ग लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है, लेकिन अब तक इसके स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत कराने के साथ नियमित रूप से कचरा हटाने की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और स्कूली बच्चों को भी परेशानी न हो।यहां ग्रामीणों का बताना है कि पंचायत में कचरा प्रबंधन अभियान कागजों में दम तोड़ रहा है।ग्राम एवं पंचायत की विकास के नाम पर इस गांव और बस्ती के लोग हर बार उपेक्षित रहे हैं।












