Advertisement

चतरा में अवैध चिमनी और बांग्ला भट्ठों पर कसेगा शिकंजा, खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई की तैयारी

-चतरा में अवैध चिमनी और बांग्ला भट्ठों पर कसेगा शिकंजा, खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई की तैयारी

अमित कुमार सिंह, चतरा।

चतरा जिले में अवैध रूप से संचालित चिमनी और बांग्ला ईंट भट्ठों के खिलाफ प्रशासन अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है। खनन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग संयुक्त रूप से ऐसे भट्ठों पर कार्रवाई की तैयारी में जुट गए हैं, जो बिना वैध अनुमति और नियमों की अनदेखी कर संचालन कर रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार जल्द ही जिले के कई इलाकों में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया जा सकता है।

जानकारी के मुताबिक जिले के विभिन्न प्रखंडों में दर्जनों ईंट भट्ठे बिना खनन अनुमति, प्रदूषण स्वीकृति और अन्य जरूरी कागजात के संचालित हो रहे हैं। इन अवैध भट्ठों से निकलने वाला धुआं आसपास के गांवों के लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि दिनभर उठने वाले काले धुएं और राख के कारण सांस लेने में दिक्कत होती है, वहीं खेतों और फसलों पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

सूत्र बताते हैं कि प्रशासन अब ऐसे सभी भट्ठों की सूची तैयार कर रहा है, जिनके पास आवश्यक लाइसेंस और स्वीकृतियां नहीं हैं। संयुक्त जांच अभियान के दौरान दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर भारी जुर्माना, संचालन पर रोक और भट्ठों को सील करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

प्रशासन की इस सख्ती की खबर फैलते ही अवैध भट्ठा संचालकों में हड़कंप मच गया है। कई संचालक अब कागजात दुरुस्त कराने और विभागीय संपर्क बढ़ाने में जुट गए हैं। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि प्रदूषण और अवैध खनन पर रोक लग सके।