Advertisement

घरेलू विवाद में बड़े भाई ने टांगी से काटकर छोटे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

-घरेलू विवाद में बड़े भाई ने टांगी से काटकर छोटे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। नगर थाना क्षेत्र के जानपुल तेलियापट्टी वार्ड नंबर 19 स्थित डोम पट्टी में घरेलू विवाद को लेकर बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के अनुसार, रविवार सुबह डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि तेलियापट्टी वार्ड नंबर 19 में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम नगर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक अनुराग कुमार, पिता स्वर्गीय काली प्रसाद का अपने बड़े भाई अजीत कुमार के साथ घर को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि शनिवार रात दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान अजीत कुमार ने टांगी से अनुराग पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी शव को घर में ही छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत कुमार, निवासी जानपुल तेलियापट्टी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद की गई है।

छापेमारी टीम में एसडीपीओ दिलीप कुमार, नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन, एसआई सौरभ कुमार, प्रमोद कुमार, मनोज कुमार, सिपाही आशीष कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।