-गुरु रविदास जयंती पर समरसता संकल्प अभियान, 11 कलश यात्रा वाहन रवाना
मुजफ्फरपुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान के तहत मुजफ्फरपुर समाहरणालय से 11 कलश यात्रा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले के सभी प्रखंडों के लिए रवाना किया गया। मुजफ्फरपुर के विधायक रंजन कुमार, जिला पदाधिकारी कुमार गौरव समेत अन्य जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने वाहनों को रवाना किया।
ये सभी वाहन जिले के 2,751 अनुसूचित जाति टोलों में निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार भ्रमण करेंगे और लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारियों के निर्देशन में इन वाहनों का संचालन तत्काल प्रभाव से किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि सरकार के निर्देश के अनुसार संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले के सभी अनुसूचित जाति टोलों में समरसता संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अनुसूचित जाति आबादी वाले सभी टोलों में सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत कलश यात्रा, श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर, आईईसी वाहनों के माध्यम से योजनाओं एवं अभियान का प्रचार-प्रसार तथा अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। श्री संत रविदास विकास शिविर का आयोजन 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को किया जाएगा। इसके लिए जिले के 2,751 महादलित टोलों को क्लस्टर बनाकर कुल 1,131 शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना, विद्यालय में प्रवेश, आंगनबाड़ी, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, कौशल विकास, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, वास भूमि एवं बंदोबस्ती, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, हर घर नल जल, जॉब कार्ड, जीविका, विद्युत कनेक्शन, मुख्यमंत्री टोला संपर्क योजना और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण सहित 22 योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी। शिविर से पहले लोगों से आवेदन प्राप्त कर उनका निष्पादन किया जाएगा और पात्र लाभुकों को शिविर में योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि सितंबर से अक्टूबर तक सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए आईईसी वैन भी निर्धारित रूट प्लान के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में संचालित की जाएगी। अभियान के दौरान जिला स्तरीय अंतर विद्यालय खेल प्रतियोगिता, साइकिल रैली, वाद-विवाद, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के साथ 3D प्रिंटिंग, एआई एवं इंडस्ट्री 4.0 से संबंधित विशेष कौशल प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले में पोखरैरा, राजवाड़ा, बोचहां और मुरौल में चार अंबेडकर आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें कुल 1,116 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इन विद्यालयों में आवासन, अध्ययन, भोजन सहित विभिन्न सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। पारू, मोतीपुर, सकरा, बंदरा और कुढ़नी में पांच अतिरिक्त आवासीय विद्यालयों की स्वीकृति दी गई है, जिनका निर्माण विभिन्न चरणों में है।
जिले के छह डॉ. भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावासों में 480 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। छात्रावासों में पुस्तकालय और डिजिटल क्लास की सुविधा उपलब्ध है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सिकंदरपुर में सावित्री बाई फुले छात्रावास के निर्माण की स्वीकृति भी दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ सरकार की लोककल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहा है। समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के वंचित वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, भाजपा के जिलाध्यक्षद्वय, जिला कल्याण पदाधिकारी, अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।












