Advertisement

गायघाट में मवेशी डॉक्टर पर चाकू से जानलेवा हमला, ICU में भर्ती

-गायघाट में मवेशी डॉक्टर पर चाकू से जानलेवा हमला, ICU में भर्ती

दीपक कुमार/गायघाट/मुजफ्फरपुर। गायघाट थाना क्षेत्र के बेरुआ पुल के पास शुक्रवार को बाइक सवार चार बदमाशों ने एक मवेशी डॉक्टर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले पिस्टल का भय दिखाया और इसके बाद डॉक्टर पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद सभी हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए। घायल डॉक्टर को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ICU में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

घायल की पहचान बोचहां थाना क्षेत्र निवासी रंजन कुमार के रूप में बताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के बीच भी दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से फरार हो गए। हमले के पीछे बदमाशों की मंशा क्या थी और घटना का कारण क्या है, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है।