-गायघाट के शिवदाहा में मां भगवती की वार्षिक पूजा संपन्न, शांति और लोक कल्याण की हुई प्रार्थना
गायघाट | दीपक कुमार
प्रखंड के शिवदाहा गांव में शुक्रवार को मां भगवती की वार्षिक पूजा श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई। पंचायत समिति सदस्य शांति देवी एवं युवा समाजसेवी विजय कुमार राय के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर मां भगवती की आराधना की।

पूजा-अर्चना का संचालन पंडित सह आचार्य चन्द्रशेखर उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक कराया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां भगवती से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और लोक कल्याण की कामना की।
पूजा स्थल पर पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में भाग लेते हुए समाज में आपसी भाईचारे, सुख-शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं की सक्रिय भूमिका रही।












