-गायघाट आधार केंद्र पर अवैध वसूली का आरोप, अपडेट के नाम पर उपभोक्ताओं से 200 रुपये वसूले जा रहे
मुजफ्फरपुर/गायघाट | दीपक कुमार।
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड मुख्यालय स्थित आधार सेवा केंद्र पर आधार कार्ड बनाने और अपडेट कराने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि केंद्र पर ऑपरेटरों द्वारा खुलेआम निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं, जिससे आम लोग परेशान हैं।
बताया जाता है कि आधार अपडेट, अंगुली का बायोमैट्रिक सत्यापन और नया आधार कार्ड बनवाने के लिए लोगों से 200 रुपये तक की राशि ली जा रही है, जबकि इसके लिए सरकार द्वारा तय शुल्क काफी कम है। दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोग कई दिनों तक लंबी कतारों में खड़े रहने के बाद भी अतिरिक्त पैसे देने को मजबूर हो रहे हैं।

आधार अपडेट कराने आए उपभोक्ता नीरज दास ने बताया कि घंटों लाइन में लगने के बाद जब उनका नंबर आया तो उनसे जबरन 200 रुपये की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर काम करने से साफ इनकार कर दिया गया। मजबूरी में उन्हें राशि देनी पड़ी।
वहीं जब इस संबंध में आधार सेवा केंद्र के ऑपरेटर से पूछताछ की गई तो उन्होंने दलील दी कि उन्हें कोई वेतन नहीं मिलता है, इसलिए अतिरिक्त पैसे लेने पड़ते हैं।
इस घटना से लोगों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।












