-गरहां में सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर
मुजफ्फरपुर। गरहां थाना क्षेत्र में मुजफ्फरपुर-दरभंगा एनएच-57 पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गरहां चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान बोचहां थाना क्षेत्र के करणपुर गांव निवासी विशाल कुमार (22) के रूप में हुई है। वहीं, उसका साथी गुड्डू कुमार (22) गंभीर रूप से घायल है। दोनों युवक पटियासा स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करते थे और मंगलवार को बाइक से ड्यूटी के लिए घर से निकले थे।
परिजनों के अनुसार, गरहां चौक के पास ट्रक की टक्कर लगने से विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विशाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के बड़े भाई राजकुमार ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि विशाल की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है और इसी महीने उसकी पहली डिलीवरी होने वाली है। बच्चे के जन्म से पहले ही हादसे में पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गरहां थाना पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।












