-खाद दुकानदार की बेटी ने रचा इतिहास, NEET UG 2026 में 613 अंक लाकर हासिल की ऑल इंडिया रैंक 6450
पटेढ़ी बेलसर (वैशाली)। प्रखंड के पटेढ़ी गांव की बेटी नैसा राज ने NEET UG 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे प्रखंड और जिले का नाम रोशन किया है। नैसा ने 613 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 6450 हासिल की है।
नैसा राज, पटेढ़ी गांव निवासी एवं स्थानीय खाद व्यवसायी संजय कुमार सिंह की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। सफलता की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने नैसा एवं उनके परिवार को बधाई दी।

ग्रामीणों ने कहा कि नैसा की मेहनत, लगन और अनुशासन ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं भी कठिन परिश्रम के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
नैसा की इस सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी। परिवार ने उनकी सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग को दिया है।
नैसा राज की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे पटेढ़ी बेलसर प्रखंड में हर्ष का माहौल है और लोग उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।












