-कीचड़ से सनी सड़क बनी ग्रामीणों की परेशानी, वर्षों से निर्माण की मांग के बावजूद नहीं हुआ समाधान
पूर्वी चंपारण: चिरैया प्रखंड की सरौगढ़ पंचायत के सरसावा घाट गांव में कीचड़युक्त सड़क के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद सड़क की स्थिति और भी बदतर हो गई है। जगह-जगह कीचड़ और जलजमाव के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों बुजुर्गों एवं बीमार लोगों को होता है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की इस सड़क के निर्माण की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण रोजमर्रा के काम के लिए आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

सबसे गंभीर स्थिति उस समय बन जाती है जब किसी ग्रामीण को अचानक इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ती है। कीचड़ और खराब सड़क के कारण एंबुलेंस या अन्य वाहन के पहुंचने में परेशानी होती है, जिससे आपात स्थिति में लोगों की जिंदगी संकट में पड़ सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बनने से गांव के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और बारिश के दिनों में होने वाली परेशानी से भी निजात मिल सकेगी। सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।












