-कंपनी बाग रोड में मसाज पार्लर पर छापेमारी, संचालिका समेत छह महिलाएं हिरासत में
मुजफ्फरपुर। शहर के हाई प्रोफाइल इलाके कंपनी बाग रोड स्थित बड़ी कर्बला रोड में मसाज पार्लर की आड़ में देह व्यापार का नेटवर्क चलाए जाने की सूचना पर शनिवार को पुलिस ने छापेमारी की। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए पार्लर की संचालिका समेत छह महिलाओं को हिरासत में लिया। मौके से छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, डीआईयू, महिला थाना और नगर थाना की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पार्लर में कार्रवाई की। अचानक हुई छापेमारी से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पार्लर की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने का दावा किया है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि कथित तौर पर WhatsApp के जरिए ग्राहकों से संपर्क किया जाता था और चैट के माध्यम से डील तय की जाती थी। पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइल फोन में मौजूद कॉल डिटेल और WhatsApp चैट की जांच कर रही है। इसके जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में ली गई महिलाएं जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों की रहने वाली हैं। इनमें अधिकांश की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
छापेमारी के बाद पुलिस ने संबंधित मसाज पार्लर को सील कर दिया है। मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। फिलहाल सभी हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ जारी है। पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।












