-एक लाइसेंस पर दो राज्यों से हथियार खरीदने के आरोप में आर्म्स लाइसेंस निलंबित
मुजफ्फरपुर। कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी मो. अली असगर का आर्म्स लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शस्त्र लाइसेंस से संबंधित तथ्यों को छिपाने और लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। साथ ही संबंधित शस्त्र को जब्त करने का आदेश दिया गया है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, मो. अली असगर ने कथित तौर पर एक ही आर्म्स लाइसेंस का इस्तेमाल करते हुए नगालैंड के साथ-साथ बिहार से भी शस्त्र खरीदा। आरोप है कि इस संबंध में उन्होंने जिला दंडाधिकारी, लाइसेंसिंग प्राधिकार या संबंधित थाना को कोई जानकारी नहीं दी। कांटी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक बिदुर कुमार की रिपोर्ट के आधार पर दीमापुर, नगालैंड के पुलिस आयुक्त की ओर से यह कार्रवाई की गई है।

रिपोर्ट में लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन और तथ्यों को छिपाने का उल्लेख किया गया है। अली असगर के खिलाफ कांटी थाने में पूर्व से आपराधिक मामला दर्ज होने की भी बात सामने आई है। एक ही लाइसेंस पर दो अलग-अलग राज्यों से शस्त्र लेने के मामले को आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत गंभीरता से लिया गया है।
कार्रवाई के तहत अली असगर को कारण बताओ नोटिस जारी कर 30 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। उनसे पूछा गया है कि नियमों के उल्लंघन के आरोप में उनका आर्म्स लाइसेंस पूरी तरह रद्द क्यों नहीं किया जाए। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है।











