Advertisement

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को बड़ी सफलता, 6.59 किमी लंबी सुरंग-14 की खुदाई पूरी

-ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को बड़ी सफलता, 6.59 किमी लंबी सुरंग-14 की खुदाई पूरी

-दोनों छोर से हो रही सुरंग की खुदाई आपस में जुड़ी
-पहाड़ के नीचे सुरक्षित निर्माण के लिए अपनाई गई आधुनिक तकनीक

उत्तराखंड। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्य में भारतीय रेल को बड़ी सफलता मिली है। रुद्रप्रयाग जिले में परियोजना की 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 की खुदाई के दोनों छोर आपस में जुड़ गए हैं। इसके साथ ही सुरंग निर्माण का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है। यह उपलब्धि उत्तराखंड में रेल संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में मील का पत्थर मानी जा रही है।
रेलवे के अनुसार, सुरंग की खुदाई दो तरफ से की जा रही थी। सुमेरपुर की ओर पोर्टल-1 से 4.7 किलोमीटर तथा मारोड़ा की ओर पोर्टल-2 से 1.79 किलोमीटर लंबी खुदाई की गई। दोनों हिस्सों के जुड़ने से 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग का मुख्य खुदाई कार्य पूरा हो गया है।


सुरंग निर्माण के दौरान सबसे बड़ी चुनौती आबादी वाले क्षेत्र के नीचे ढीली मिट्टी से होकर तीन ट्रैक वाली सुरंग बनाना था। पोर्टल-1 पर लगभग 110 मीटर लंबे हिस्से में 20 से 30 मीटर नीचे मिट्टी और चट्टान की परत मौजूद थी। इस चुनौती से निपटने के लिए मल्टी-ड्रिफ्टिंग समेत विशेष इंजीनियरिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। इस तकनीक में पहले छोटे-छोटे रास्ते बनाकर उन्हें मजबूत किया जाता है और बाद में आपस में जोड़कर पूरी सुरंग तैयार की जाती है।
वहीं, पोर्टल-2 पर ढलान को सुरक्षित रखने के लिए 30 से 35 मीटर गहरे माइक्रोपाइल्स, 15 से 20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग का सहारा लिया गया। मारोड़ा में भू-धंसाव और भूमि एवं मकानों के अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के बाद मार्च 2024 में मुख्य सुरंग की खुदाई शुरू हो सकी थी।
निर्माण के दौरान आसपास की बस्तियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। दोनों पोर्टल के पास नियंत्रित विस्फोट केवल दिन के निर्धारित समय में किए गए। इसके अलावा सुरंग के भीतर ताजी हवा की आपूर्ति और तापमान नियंत्रित रखने के लिए विशेष वेंटिलेशन प्रणाली भी स्थापित की गई।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की महत्वपूर्ण योजना है। इसके पूरा होने से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की यात्रा सुगम होगी तथा राज्य के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।