-उत्क्रमित मध्य विद्यालय के 6 से 8 वर्ग के छात्र अब उच्च विद्यालय गोरौल में करेंगे पढ़ाई
वैशाली, मोहन कुमार सुधांशु:
शिक्षा विभाग, बिहार के नये निर्देश के तहत अब उत्क्रमित मध्य विद्यालयों के कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों का अध्ययन नजदीकी उच्च माध्यमिक विद्यालयों में होगा। इसी क्रम में शुक्रवार को गोरौल प्रखंड स्थित पीएम श्री प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय गोरौल में राजकीयकृत मध्य विद्यालय गोरौल चकव्यास के कुल 245 छात्रों का संविलियन किया गया।
मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रणव कुमार के नेतृत्व में कक्षा 6 के 75, कक्षा 7 के 92 और कक्षा 8 के 78 छात्र-छात्राओं को गोरौल उच्च विद्यालय लाया गया। इस दौरान बच्चे अपने पुराने विद्यालय से बिछड़ने के कारण भावुक नजर आए। कई की आंखों में आंसू थे, तो कुछ शिक्षक भी अपने नौनिहालों को विदा करते हुए भावुक हो उठे।

उच्च विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने स्वागतगान गाकर और फूलों की वर्षा करते हुए नए साथियों का अभिनंदन किया। विद्यालय के शिक्षक अशोक कुमार शर्मा, सुभाष चंद्र यादव और श्याम कुमार समेत अन्य शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निर्भीक होकर शिक्षा व अन्य गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक रविन्द्र कुमार ने बताया कि पहले दिन तीनों वर्गों से कुल 78 छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए हैं। बाकी छात्रों के आने का क्रम जारी है। अब इन सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना हमारी जिम्मेदारी है।
#शिक्षा_विभाग #उत्क्रमित_विद्यालय #गोरौल #विद्यालय_समविलयन #बिहारशिक्षा #विद्यालयसमाचार











