-इटावा में नहर में दिखा 5 फुट लंबा मगरमच्छ, 4 घंटे के रेस्क्यू के बाद चंबल नदी में छोड़ा
इटावा। पछांयगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ायता के पास नहर में करीब पांच फुट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वन विभाग की टीम ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास चंबल नदी में छोड़ दिया गया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ कई बार नहरों और आबादी के आसपास पहुंच जाते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
वन दरोगा ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे नहर और नदी किनारे अकेले न जाएं तथा बच्चों को भी वहां जाने से रोकें। यदि कहीं मगरमच्छ दिखाई दे तो उसे पकड़ने या छेड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मगरमच्छ नहर के किनारे बैठा दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।












