-आंधी-तूफान से हुई क्षति का मुखिया गणेश ठाकुर ने लिया जायजा, पीड़ितों के लिए मांगी राहत
गायघाट।दीपक । प्रखंड अंतर्गत शिवदाहा पंचायत में बीते दिनों आए तेज आंधी-तूफान और बारिश से हुए नुकसान का पंचायत के मुखिया गणेश ठाकुर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर किसानों एवं पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनीं।
मुखिया गणेश ठाकुर ने कहा कि तेज आंधी और बारिश के कारण किसानों की फसलों को भारी क्षति पहुंची है। खेतों में लगी विभिन्न फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वहीं कई गरीब परिवारों के घर भी क्षतिग्रस्त एवं ध्वस्त हो गए हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचलाधिकारी (सीओ) से शिवदाहा पंचायत में हुए नुकसान की तत्काल जांच कराने की मांग की है। साथ ही प्रभावित परिवारों को सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा एवं राहत राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
मुखिया ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता करना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।












